चंपावत। जिला अस्पताल में टिहरी से स्थानांतरित होकर आए बाल रोग विशेषज्ञ ने आदेश के दो माह बाद भी ज्वाइनिंग नहीं ली है। अमर उजाला ने सात सितंबर के अंक में चंपावत जिला अस्पताल में दो माह बाद भी बाल रोग विशेषज्ञ ने नहीं की ज्वाइनिंग शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव चंद्र रमोला को नोटिस जारी कर दो दिन में ज्वाइनिंग लेने के आदेश दिए।
जिला अस्पताल में आठ माह बाद बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती की गई, लेकिन उन्होंने अभी तक ज्वाइनिंग नहीं ली है। बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए चार जुलाई को उत्तराखंड शासन ने आदेश जारी किया था। इसमें बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव को टिहरी से चंपावत भेजा गया, लेकिन आदेश जारी होने के बाद भी वह अस्पताल नहीं पहुंचे।
महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के नोटिस के बाद भी चिकित्सक ने अभी तक अस्पताल प्रबंधन से संपर्क नहीं किया है। अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ का पद दिसंबर 2023 से रिक्त है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एसीएमओ डॉ. चंद्र शेखर भट्ट बच्चों का इलाज कर रहे हैं, लेकिन उनके चिकित्सा अवकाश पर जाने से बीमार बच्चाें की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कोट
जिला अस्पताल में दो माह पहले बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती हो गई थी, लेकिन अभी तक चिकित्सक ने ज्वाइनिंग नहीं ली है। इस मामले में स्वास्थ्य निदेशालय से दो दिन पहले उन्हें नोटिस भेजा गया था। अभी तक उन्होंने ज्वाइनिंग नहीं ली है। इस संबंध में निदेशालय को फिर पत्र भेजा जाएगा। - डॉ. प्रदीप बिष्ट, पीएमएस, जिला अस्पताल, चंपावत।