चंपावत। जिले में 18 से 30 अप्रैल तक कृमि मुक्त एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके लिए डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में शिक्षा सभागार में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
डीएम ने कहा कि अभियान के तहत राजकीय विद्यालयों, मान्यता प्राप्त विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत, नामांकित, विद्यालय न जाने वाले बच्चों को एलबेंडाजोल टैबलेट खिलाई जानी हैं। जिले के चारों विकासखंडों के 714 विद्यालयों और 397 आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जाएगा। एसीएमओ डॉ. श्वेता खर्कवाल ने बताया कि जिले में एक से 19 वर्ष तक के बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से घर-घर जाकर पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया इस कार्यक्रम को पूरी तरह से सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं शिक्षा विभाग मिलकर कार्य करेंगे। इस दौरान एडीएम शिवचरण द्विवेदी, सीएमओ केके अग्रवाल, सीईओ बीपी कुशवाहा, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, डॉ. कुलदीप यादव आदि मौजूद रहे।