बाराकोट के इस खलकीना तोक के लिए सड़क निर्माण की मिली वित्तीय स्वीकृति। स्रोत: ग्रामीण
लोहाघाट (चंपावत)। शासन ने बाराकोट ब्लाक की दो सड़कों खलकिना-बनज्वाड़-आली-ढुंगाजोशी और कामाजूला से पनार लिंक मोटर मार्ग निर्माण की वित्तीय स्वीकृति दी है। वर्षों इंतजार के बाद गांवों को सड़क सुविधा मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय ने बताया कि मुख्यमंत्री के संगज्यू कार्यक्रम में उन्होंने बाराकोट क्षेत्र की इन दोनों सड़कों के निर्माण की मांग रखी थी। सीएम ने सड़कों की स्वीकृति देकर लोगों को राहत दी है। बाराकोट के ग्राम प्रधान राजू अधिकारी और जीतू अधिकारी ने बताया कि वर्षों से लोग आठ किमीर लंबे खलकिना-बनज्वाड़-आली-ढुंगाजोशी मोटर मार्ग को बनाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इन स्थानों में करीब 90 अनूसूचित जाति के लोगों के परिवार रहते हैं। प्रधान राजू ने बताया कि सीएम के लोहाघाट दौरे के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की मांग रखी थी।
जिपं अध्यक्ष ज्योति ने बताया कि खलकीना मोटर मार्ग के प्रथम चरण के लिए 12 लाख और पनार लिंक मोटर मार्ग के लिए 10.50 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। लोगों ने सड़क निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने पर सीएम, जिपं अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख विनीता फर्त्याल, पूर्व प्रमुख बहादुर फर्त्याल, प्रकाश राय, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, राकेश अधिकारी आदि के सहयोग के लिए आभार जताया।