चंपावत। डीएम नवनीत पांडे की अध्यक्षता में अमोड़ी में आयोजित बहुउद्देशीय जन सुविधा शिविर में सड़क, शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सहित 33 समस्याएं उठाई गईं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में ग्राम दुधौरी के भीम सिंह ने जूनियर हाईस्कूल दुधौरी में विद्यालय भवन में गुणवत्तापूर्वक कार्य कराए जाने, अवैध खनन रोकने, बोरातोला के प्रधान भगवान सिंह ने सड़क कटिंग के दौरान क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय भवन दीवार की मरम्मत कराने, बोरातोला में सार्वजनिक शौचालय बनाने, लड़ाबोरा के टॉक छतकोट में जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान को रोके जाने और सिंचाई गूल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाया।
डीएम ने लोनिवि को नौलापानी से छिड़ा होते हुए मार्ग को सूखीढांग-डांडा मीनार मार्ग से जोड़े जाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लालमणि ने अमोड़ी में 50 बेड का चिकित्सालय खोलने की मांग उठाई। इस पर डीएम ने कहा कि नियमानुसार अमोड़ी में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
शिविर में ग्राम प्रधान दियुरी बालम सिंह, दीवान सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटअमोड़ी रमेश चंद्र, सुंदर सिंह बोहरा, खीमानंद भट्ट, नवीन भट्ट, सुरेश जोशी, जीवन बोहरा, एसडीएम सौरव असवाल, बीडीओ कविंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमाणपत्र बांटे, स्वास्थ्य जांच भी हुई
चंपावत। शिविर में समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग कार्ड जारी किया। पशुपालन विभाग ने 93 पशुपालकों को दवा बांटी। आयुर्वेदिक विभाग ने 126 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सा विभाग ने 132 लोगों की जांच कर दवा वितरित की। विकासखंड की ओर से 12 परिवार रजिस्टर जारी किए गए और ग्रामीण विकास विभाग की ओर 10 बीपीएल कार्ड जारी किए गए। संवाद