टनकपुर में मेला यात्रियों को नेपाल ले जाते बाइक चालक । संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर एवं नेपाल के ब्रह्मदेव के बीच बाइक पर भी क्षमता से अधिक सवारियों को ढोया जा रहा है। बाइक सवार पूर्णागिरि मेले के यात्रियों को सिद्धनाथ बाबा के दर्शन के लिए भी ले जा रहे हैं। इसमें मनमाना किराया वसूलने समेत तीव्रगति से बाइक दौड़ाने से दुर्घटनाओं की भी आशंका है।
इन दिनों पूर्णागिरि मेला चरम पर है। ऐसे में मेलायात्री पूर्णागिरि धाम के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्धनाथ बाबा के दर्शन के लिए जा रहे है। इन यात्रियों को बाइक पर सवारी ढोने वाले मोटी कमाई के चक्कर में सारे नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। एक बाइक पर तीन, चार सवारी ढोने के साथ ही तेज गति से बाइक दौड़ा रहे हैं।
इससे चिंतित स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से बाइक पर सवारी ढोने वालों पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि कानून व्यवस्था का पालन कराने एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं एसएसबी का संयुक्त दल बाइक से सवारी ढोने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा। इसके लिए विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।