टनकपुर के शारदा स्नान घाट में डूबकी लाग मां गंगा की आराधना करते श्रद्घालु। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। कार्तिक पूर्णिमा पर शारदा में स्नान के लिए शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शारदा स्नानघाट समेत बूम घाट, कांकर घाट और मां पूर्णागिरि धाम में भी भक्तों का तांता लगा रहा। करीब 25 से अधिक भक्तों ने शारदा में डुबकी लगाकर घाट में मां गंगा, भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना और खिचड़ी दान कर पुण्य कमाया। पुलिस फोर्स की कमी से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे रही। शारदा घाट-बैराज मार्ग में वाहनों के जमावड़े से यात्रियों को काफी देर तक जाम की स्थिति से जूझना पड़ा।
धार्मिक पर्वों पर शारदा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए दूरदराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शारदा स्नानघाट पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए बृहस्पतिवार शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। स्नानघाट से लेकर थ्वालखेड़ा तक नदी किनारे भक्तों की टोलियों ने कई जगह टेंट लगाकर रात्रि जागरण किया और ब्रह्म मुहूर्त में शारदा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। शारदा घाट, बूम घाट और कांकर घाट में स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए। इससे पूर्णागिरि धाम में भी दिन-भर मेले जैसे स्थिति बनी रही। पूर्णागिरि के बाद श्रद्धालु पड़ोसी देश नेपाल जाकर बाबा सिद्धनाथ के दर्शन से यात्रा पूरी की। श्रद्धालुओं की भीड़ से नेपाल के सीमांत ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर में भी खासी चहल-पहल बनी रही।
तैराकों ने पांच श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया
कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर भीड़ के बीच शारदा स्नानघाट में तैनात जल पुलिस के जवानों और स्थानीय तैराकों ने पांच श्रद्धालुओं को शारदा में डूबने से बचाया। विछुवा खटीमा निवासी जगदीश सिंह राणा (55) वर्ष नहाते वक्त नदी में बह गए। मौजूद लोगों के शोर मचाने पर घाट में तैनात जल पुलिस के तैराक राकेश गिरी, स्थानीय तैराक सूरज शर्मा, योगेश कुमार ने नदी में कूद लगा उसे डूबने से बचा लिया। जल पुलिस के तैराक रवींद्र कुमार उर्फ पहलवान, स्थानीय तैराक सूरज शर्मा, योगेश कुमार ने पीलीभीत निवासी रामप्रताप (65) को डूबने से बचाया। सुनगढ़ी पीलीभीत निवासी यश वर्मा (18) और चंदन रस्तोगी (22) को भी बचाया गया जबकि पांचवां श्रद्धालु बचाने के फौरन बाद ही घाट से फरार हो गया।
टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक सचदेवा ने भी किए पूर्णागिरि दर्शन
टनकपुर। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक राजीव सचदेवा ने भी कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। महाप्रबंधक के पूर्णागिरि पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने समिति कार्यालय में उनका, उनके साथ आए अधिकारियों का स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किए। महाप्रबंधक सचदेवा ने व्यवस्थाओं की सराहना कर धाम क्षेत्र के विकास में एनएचपीसी के स्तर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पूर्णागिरि धाम जाते वक्त महाप्रबंधक ने बूम स्थित आश्रम भी देखा।