लोहाघाट(चंपावत)। विकासखंड के कनेड़ी के कालेशन मंदिर में देवी महोत्सव का सादगी के साथ समापन हो गया है। कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष तीन दिनी महोत्सव का आयोजन नहीं किया गया। इस दौरान लोक देवताओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
शनिवार को कनेड़ी के कालसेन मंदिर में सुबह से ही लोगों ने कोविड नियमों का पालन कर पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद कनेड़ी गांव से देव जत्था पैदल कालेशन मंदिर पहुंचा, जहां देव गद्दी लगी। इसमें लोक देवताओं ने अवतरित होकर लोगों को अपना आशीर्वाद दिया। इसके बाद मां भगवती के डोले को कालेशन मंदिर की पांच बार परिक्रमा कराई गई। रथ में सवार भगवती के डांगर डॉ.सुधाकर जोशी, कालिका के डांगर जोगा दत्त जोशी ने अवतरित होकर आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने डोले में अक्षत पुष्प की वर्षा कर सुख, शांति, समृद्धि की कामना की। रथयात्रा के मंदिर की परिक्रमा पूरी करने के बाद यहां कौमारी पूजन और गोदान के बाद प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। आयोजन समिति के संरक्षक शिवदत्त जोशी, ग्राम प्रधान राजीव सक्टा, नरेश पांडेय, पुजारी दीप जोशी, प्रदीप जोशी, रमेश जोशी, रेंजर दीप जोशी, राकेश, रामू जोशी, मनोज आदि ने सभी सहयोगियों का आभार जताया।