चंपावत। जिला मुख्यालय के ग्रामसभा चौड़ा सेठी के मुडियानी तोक में रहने वाले सेवानिवृत्त स्कवाड्रन लीडर मोहन चंद्र शर्मा (82) पर कुछ लोगों ने जमीन के विवाद में जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में मोहन चंद्र शर्मा और उनकी पत्नी सरिता को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर सौंपी है।
शर्मा बाराकोट विकासखंड के ग्राम सभा पम्दा के स्थायी निवासी हैं। उन्होंने मुडियानी तोक में कुछ जमीन लेकर अपना घर बनवाया है और कुछ जमीन पर वह बागवानी करते हैं। रविवार को जूप निवासी नैन सिंह सेठी उसकी पत्नी, पुत्र प्रकाश सिंह और एक अज्ञात महिला ने उनके खेतों की फेंसिंग वायर उखाड़कर फेंक दी। विरोध करने पर उन पर लाठी-डंडों हमला कर दिया। हमले में मोहन चंद्र शर्मा और उनकी पत्नी सरिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
शर्मा ने कोतवाली में तहरीर सौंपने के साथ ही एडीएम हेमंत वर्मा और पुलिस अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। इधर प्रभारी कोतवाल भुवन चंद्र जोशी ने बताया की मामला दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद का है। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।