पुलिस ने नगर में हुए एक विवाह समारोह के दौरान बज रहे लाउडस्पीकर के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में आ रहे व्यवधान को देखते हुए आयोजकों पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाकर मामला न्यायालय में भेज दिया है। इसके अलावा डीजे स्वामी पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया है।
शुक्रवार रात भर लाउडस्पीकर बज रहा था, जिसे रोकने का प्रयास भी किया गया, जिसमें असफल होने पर पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है। थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी के अनुसार कई परिवारों से उन्हें टेलीफोन के जरिए लाउडस्पीकर रात में बंद कराने के लिए अनुरोध किया गया था। मालूम हो कि न्यायालय के नियमानुसार रात्रि 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजाया जा सकता है। उधर, पुलिस ने शनिवार को चार बाइकर्स की बाइक जब्त कर ली हैं। इसमें सवार बच्चे बगैर हेलमेट के चल रहे थे। पुलिस की ओर से इनके अभिभावकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शनिवार को सेरीगेर के चोटिल हुए दोनों युवक यदि हेलमेट पहने होते तो उन्हें इतनी गंभीर चोटें नहीं लगती।