चंपावत में चोरों द्वारा तोड़े गए दरवाजे को दिखाता दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
यहां राष्ट्रीय राजमार्ग के एक नेपाली होटल में शनिवार-रविवार की रात दरवाजे का एक हिस्सा (पल्ला) तोड़ चोर हजारों की चोरी कर चंपत हो गए। दुकान के नीचे रह रहे मजदूरों के कमरे में भी चोर बाहर से कुंडी लगा गए। होटल स्वामी की तहरीर के आधार पर रविवार शाम को कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नेपाल के बैतड़ी निवासी होटल स्वामी खगेंद्र बहादुर यहां बार के सामने सात साल से खाने का होटल चलाते हैं। होटल में सिगरेट और कुछ दूसरा सामान भी रहता था। रात के वक्त कुछ अज्ञात लोगों ने होटल के दरवाजे का पल्ला तोड़ दिया। होटल के नीचे के कमरे में तीन मजदूर रहते थे। चोरों ने इस कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी। करीब 1.30 बजे किसी मजदूर ने शौच के लिए दरवाजा खोला, तो दरवाजा बाहर से बंद था।
सुबह करीब 6 बजे होटल पहुंचने पर खगेंद्र बहादुर को चोरी की भनक लगी। होटल स्वामी ने बताया कि किराए, राशन आदि के लिए 12 हजार रुपये नगद रखे थे। इसके अलावा घर भिजवाने के लिए रखे गए 3 हजार रुपये के कपड़े, छह हजार रुपये से अधिक की सिगरेट चोरी हो गई। कोतवाल एचएस फिरमाल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी बनाए गए चंपावत बाजार के चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने मौका मुआयना किया। अलबत्ता अभी चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
रात्रि गश्त की खुली पोल
चंपावत। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व चंपावत बाजार में हुई चोरी से सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। रात्रि गश्त में हीलाहवाली और पुलिस की सुस्ती के चलते पहले भी चंपावत व्यापार संघ के अध्यक्ष अमरनाथञ्सक्टा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश अधिकारी सहित तमाम व्यापारियों ने इस माह के शुरू में कोतवाल से मुलाकात कर व्यवस्था चाक-चौबंद करने का आग्रह किया था। अमर उजाला ने शुक्रवार की रात पड़ताल कर पुलिस गश्त न होने और सुरक्षा रामभरोसे होने की खबर 14 अगस्त को प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
पुलिस को तो चोरी पर ही शक
अपराधियों पर नकेल कसने में कमजोर पड़ रही चंपावत पुलिस को तो चोरी पर ही शक हो रहा है। कोतवाल एचएस फिरमाल का कहना है कि वास्तव में चोरी हुई है, इसे लेकर पुलिस को शक है। पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी।