स्टेशन बाजार स्थित स्टेट बैंक के एटीएम की टच स्क्रीन अराजक तत्वों ने तोड़ दी है, जिससे नौ दिनों से यह बंद पड़ा हुआ है। शाखा प्रबंधक डीएस पतियाल के अनुसार 31 दिसंबर को दोपहर बाद एटीएम ने काम करना बंद कर दिया था, जिसे देखने पर पता चला कि किसी व्यक्ति ने हाथ से वार कर उसकी टच स्क्रीन तोड़ दी है। उनकी ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 427 के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एसआई मीनाक्षी नौटियाल कर रही हैं। एसआई के अनुसार सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद एक व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है। हालांकि, तस्वीर धुंधली होने के कारण अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। अलबत्ता पुलिस शीघ्र ही इस बात का खुलासा कर लेगी। शाखा प्रबंधक के अनुसार एटीएम का कार्ड रीडर कुछ खराब था, जिसके लिए मैकेनिक सोमवार तक विशेष रूप से यहां आ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंगलवार से एटीएम सेवा बहाल हो जाएगी।