लोहाघाट (चंपावत)। दलित किशोरी से हुए दुराचार के मामले में पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। रीठा साहिब के थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि डॉक्टर द्वारा दी गई स्लाइड को जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल के निर्देश पर जांच अधिकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह रौतेला ने घटना स्थल का मुआयना किया। साथ ही उन्होंने कई पक्षों से वारदात की जानकारी ली। वहीं, खुदकुशी करने वाले दुराचार के आरोपी भोलादत्त का मंगलवार को पोस्टमार्टम किया गया।
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरपी खंडूरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाकर जान जाने की पुष्टि हुई है। मंगलवार देर शाम को परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। इधर, पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल का कहना है कि आरोपी द्वारा खुदकुशी करने के बाद केस को खारिज करने की कार्रवाई की जाएगी।
सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
टनकपुर (चंपावत)। प्रिंटिंग प्रेस के स्वामी दुर्गा दत्त जोशी के आत्महत्या मामले में कमरे से मिले सुसाइड नोट की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस नोट की लिखावट के साथ ही आसपास के दुकानदारों और भवन स्वामी से भी पूछताछ करेगी।
शारदा रेंज कार्यालय के पास स्थित पूर्णागिरि प्रिंटिंग प्रेस स्वामी एवं साधन सहकारी समिति धूरा के सदस्य मथियाबांज निवासी दुर्गा दत्त जोशी ने रविवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए भवन स्वामी को जिम्मेदार बताते हुए किराया न दे पाने पर परेशान करने की बात लिखी है।
कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अब तक किसी तरह की तहरीर नहीं आई है। अलबत्ता कमरे में मिले सुसाइड नोट की पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। कोतवाल ने बताया कि सुसाइड नोट और घटना स्थल की हर एंगिल से जांच की जा रही है।