टनकपुर (चंपावत)। हिमाचल प्रदेश में मेहनत मजदूरी कर अपने घर लौट रहे एक नेपाली व्यक्ति को जहर खुरानी गिरोह ने रोडवेज बस में सफर के दौरान नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। बस के चालक-परिचालक ने उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नेपाल के कासकी जिले के लुमले गांव पालिका पोखरा निवासी राम नारायण पुत्र देवी राम हिमाचल के कालका से हिमाचल डिपो की बस में बनबसा के लिए सवार हुआ। जिसे जहर खुरानी गिरोह ने रास्ते में चाय में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। बनबसा में पीड़ित बस की सीट में बेहोश मिला तो चालक-परिचालक उसे वहीं लावारिस हालत उतारने की फिराक में थे, लेकिन वहां मौजूद पुलिस कर्मियों की नजर पड़ी तो उनके निर्देश पर बस चालक और परिचालक ने पीड़ित को टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। होश आने पर पीड़ित ने बताया कि उसकी जेब से पांच हजार रुपये की नकदी और कपड़ों से भरा बेग गायब है। पीड़ित बताया कि उसके पास घर जाने के लिए किराया नहीं है। इस पर अस्पताल के चिकित्सक डा. वीके जोशी और डा. हेमंत शर्मा ने उसे आर्थिक मदद देकर नेपाल को रवाना किया। लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस ने पीड़ित की सुध नहीं ली।