बनबसा के गढ़ीगोठ में क्रिकेट खिलाड़ी अतिथियों के साथ।विज्ञप्ति
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। गढ़ीगोठ के बिल्ला गार्डन में आयोजित राजपूत क्रिकेट क्लब के ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। इनमें जीतकर नानकमत्ता और गढ़ीगोठ नयाबस्ती की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं।
पचपकरिया के प्रधान महेश मुरारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक एवं हेम चंद्र जोशी ने इन मैचों का शुभारंभ किया। पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला नानकमत्ता और टनकपुर के ज्ञानखेड़ा इलेवन के बीच हुआ।
पहले मैच में नानकमत्ता की टीम ने 14 ओवरों में 109 रन बनाए, जिसमें सर्वाधिक 32 रन लारा ने जुटाए। ज्ञानखेड़ा के गेंदबाज राहुल ने तीन विकेट लिए। जवाब में ज्ञानखेड़ा की टीम केवल 86 रन ही बना सकी। इसमें सोनू ने 26 रनों का योगदान दिया। नानकमत्ता के गेंदबाज हिमांशु ने चार विकेट लिए।
दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच नेपाल सिक्स इलेवन एवं गढ़ीगोठ नया बस्ती के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की सिक्स इलेवन 56 रन ही बना सकी, जिसमें करन ने 16 रन जुटाए।
नयाबस्ती के जीवन ने तीन विकेट लिए। जवाब में नयाबस्ती की टीम ने एक विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। इसमें जीनव ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। दीपक, कैलाश नेगी निर्णायक और सुमित स्कोरर रहे जबकि आंखों देखा हाल रविंद्र ने सुनाया।