टनकपुर (चंपावत)। स्थानीय उप जिला अस्पताल में डॉक्टरों के कक्षों के कपाट देर से खुलते हैं। इस कारण मरीजों को डॉक्टर के आने का इंतजार कर परेशानी का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार को हुई पड़ताल में कुछ ऐसा ही देखने के लिए मिला।
ग्रीष्मकाल के मुताबिक 31 अक्तूबर तक अस्पताल में सुबह आठ बजे से ओपीडी शुरू होनी चाहिए लेकिन सुबह 8:30 बजे तक कुछ डॉक्टर अपने कक्ष में बैठे मिले तो, कुछ डॉक्टर अस्पताल में तो थे, लेकिन अपने कक्ष में नहीं बैठे थे। हालांकि सुबह ठंड होने से मरीजों का दबाव भी कम था। कुछ मरीज डॉक्टरों के कक्ष में बैठने का इंतजार करते नजर आए।
सुबह 8:35
अस्पताल में डॉ. आफताब अंसारी अपने कक्ष में मरीज देख रहे थे। सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी भी अपने कक्ष में कामकाज निपटा रहे थे। डॉ. अमन अंसारी भी बैठे मिले। जनरल सर्जन डॉ. प्रभा जोशी और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में ताले लटके थे।
सुबह 8:45 बजे
वहीं डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. मानवेंद्र, डॉ. वीके जोशी के कक्ष के दरवाजे में कुंडी लगी थी। डॉ. ताहिरा का कक्ष खुला था, लेकिन डॉक्टर की कुर्सी खाली थी। एक्स-रे कक्ष में ताला लटका था। फार्मासिस्ट और लैब तकनीशियन तैनात मिले।
सुबह 11 बजे
अस्पताल में सुबह की अपेक्षा मरीजों का दबाव बढ़ चुका था। डॉक्टरों के सभी कक्ष खुले थे और डॉक्टर मरीज को देखते मिले। लोहाघाट से आए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएम रखोलिया अल्ट्रासाउंड जांच करते नजर आए।
अल्ट्रासाउंड से राहत, एक्स-रे सुविधा न होने से मायूसी
टनकपुर (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच होने से मरीज संतुष्ट हैं। इससे गर्भवती समेत पेट से जुड़ी बीमारियों की जांच में सुविधा हो रही है।
सप्ताह में एक दिन हर शुक्रवार को लोहाघाट के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएम रखोलिया 85 किमी दूर आकर अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने 50 अल्ट्रासाउंड किए लेकिन तकनीशियन का पद खाली होने के कारण डेढ़ साल से एक्स-रे कक्ष में ताला लगा है। लोगों को बाजार से महंगी दर पर एक्स-रे करवाना पड़ रहा है।
अस्पताल में डॉक्टर और अन्य स्टाफ समय पर ड्यूटी में आ जाते हैं। जरूरी काम की वजह से कभी कभार कुछ डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच पाते। अस्पताल में सृजित 24 पदों के सापेक्ष 12 डॉक्टर तैनात हैं। इनमें से भी एक डॉक्टर ट्रेनिंग लेने गए हैं तो दूसरे ने नौकरी छोड़ दी है। एक्स-रे तकनीशियन की तैनाती के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन तकनीशियनों की कमी के कारण यहां तैनाती नहीं हो पा रही है।
- डॉ. घनश्याम तिवारी, सीएमएस उप जिला अस्पताल टनकपुर।
अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे सुविधा जरूरी है। इसके लिए जरूरी स्टाफ की स्थायी तैनाती कर नियमित सेवा के प्रयास होने चाहिए।
- आशा देवी, टनकपुर।
पहले बाजार में अल्ट्रासाउंड करवाना महंगा पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय अस्पताल में ही निशुल्क सुविधा से हर मरीज को राहत मिल रही है।
- संध्या, टनकपुर।
स्थानीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की रियायती सुविधा मिलने से राहत मिल रही है। अब यहां एक्स-रे सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध करवानी चाहिए।
- शहनाज, टनकपुर।