टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने शनिवार को बनबसा एवं टनकपुर बाजार में जनसंपर्क किया। उन्होंने चंपावत क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी के लिए वोट मांगे। टनकपुर में गांधी मैदान में हुई सभा में उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र को दिखावा बताया। कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी की सरकार वाले राज्यों में ऐसी घोषणाएं लागू करे। सत्ता में आने पर प्रस्तावित विकास कार्य भी बताए।
गांधी मैदान टनकपुर में हुई सभा में सीएम धामी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इनमें अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, टनकपुर से अयोध्या तक रेलगाड़ी, टनकपुर से बागेश्वर तक रेल लाइन सर्वे, कोविड टीके, सड़क निर्माण, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण शामिल है। उन्होंने दोबारा सरकार बनने पर टनकपुर में सालवानी भूमि पर सिडकुल निर्माण, 50 बेड का आयुर्वेदिक अस्पताल, शारदा नदी अपस्ट्रीम में खनन, उपखनिज भंडारण का सरलीकरण, विष्णुपुरी कॉलोनी से जल निकासी, ज्ञानखेड़ा से छीनीगोठ, ककरालीगेट आमबाग, खेतखेड़ा पूर्णागिरि, पोथ से कोटकेंद्री तक सड़क निर्माण, शारदा किनारे तटबंध, स्नानघाट निर्माण का आश्वासन दिया।
बनबसा में वनभूमि पर मालिकाना हक दिलाने, नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा देने, हाइवे किनारे दोनों ओर नाली निर्माण, यूपी सिंचाई के अधिकार वाली भूमि का हस्तांतरण कराने, रोडवेज बस अड्डा निर्माण, गैस गोदाम खोलने, ट्रंचिंग ग्राउंड अन्यत्र बनाने, गढ़ीगोठ से देवीपुरा एवं केनाल गेट से गुदमी तक शारदा नहर किनारे सड़कों के जीर्णोद्धार की बात कही। जिलाध्यक्ष दीप पाठक की अध्यक्षता में हरीश भट्ट ने संचालन किया। वहां पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, जिला प्रभारी पुष्कर काला, मंडल अध्यक्ष पूरन महरा, गोविंद सामंत, सुभाष बगौली, उर्मिला चंद, विद्या जुकरिया, हेमा जोशी आदि थे।