चंपावत जिला मुख्यालय में 21 दिन बाद पिथौरागढ़ से रोडवेज की बसों का संचालन शुरू होने से चंपावत स्टेशन पर चहल-पहल बढ़ गई। बंदी पड़ी दुकानों की रौनक फिर से लौट आई। टैक्सी स्टैंड पर भी वाहनों की खूब आवाजाही रही।
बुधवार को पिथौरागढ़ से चार रोडवेज की बसें चंपावत स्टेशन पहुंचीं। बसों का हार्न सुनकर स्टेशन के व्यापारी खुश नजर आए। उन्होंने गर्मजोशी से यात्रियों का स्वागत किया। बसें नहीं आने के कारण रोडवेज स्टेशन स्थित दुकानों के स्वामी मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। ऑलवेदर सड़क बंद होने से चंपावत-टनकपुर सड़क पर बसों का संचालन 12 सितंबर से पूरी तरह ठप था।
टैक्सी स्टैंड पर रही रौनक
दो अक्तूबर से ऑलवेदर सड़क पर सुबह 11 से शाम पांच बजे तक वाहनों की आवाजाही शुरू होने से टैक्सी स्टैंड पर चहल पहल रही। टनकपुर, दिल्ली, देहरादून जाने वाले वाहन सुबह से स्टेशन में घूमते दिखाई दिए। कुमाऊं महासंघ टैक्सी यूनियन उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट ने कहा कि ऑलवेदर सड़क पर समय परिवर्तन से काफी राहत मिली है। टैक्सी संचालन ठप होने से टैक्सी चालकों के सामने दिक्कतें आने लगी थी।