टनकपुर तहसील में प्रदर्शन करते घसियारा मंडी वार्ड की महिलाएं।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत बीपीएल श्रेणी राशन कार्ड (सफेद राशन कार्ड) न बनने से गुस्साए शहर के वार्ड संख्या एक और नौ के लोगों ने बृहस्पतिवार को तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने पूर्ति विभाग के अधिकारियों पर राशन कार्ड बनाने में टालमटोली का आरोप लगाया। इसकी जांच कर गरीब और मजदूर परिवारों को सफेद राशन कार्ड दिलवाने की मांग की।
सभासद योगेश पांडेय और कपिल उप्रेती की अगुवाई में तहसील पहुंचीं महिलाओं ने सफेद राशन कार्ड दिलवाने के लिए नारेबाजी कर विरोध, प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंप पूर्ति विभाग के अधिकारियों पर राशन कार्ड बनाने में लापरवाही कर पात्र परिवारों को लाभ से वंचित रखने का आरोप लगाया। कहा गया है कि राशन न बनने से गरीब और मजदूर परिवारों को खाद्यान्न के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम ने सभी पात्र परिवारों के सफेद राशन कार्ड बनवाने का भरोसा दिलाया है। प्रदर्शन में संजीव, मीरा, शांति, राखी, सरिता, सोनी गंगाराम, माला, सरस्वती, सुधा, रूपकली शर्मा, मनोज निषाद आदि थे।
इनसेट में कोट
अपात्र परिवारों के बनाए गए सफेद राशन कार्डों को चिह्नित करने के लिए एसडीएम के स्तर से गठित टीम से सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे का काम शुक्रवार को पूरा हो जाएगा। इसके बाद अपात्रों के राशन कार्ड रद्द कर नए पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- भरत सिंह राणा, पूर्ति निरीक्षक, टनकपुर।