पाटी ब्लॉक के अमौली गांव में प्रदर्शन करते पेयजल किल्लत से जूझ रहे ग्रामीण। फोटो: संवाद न्यूज एजे
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी (चंपावत)। पाटी क्षेत्र के अमौली गांव के लोग बरसात में भी पेयजल संकट से परेशान हैं। इस गांव में पिछले नौ जुलाई से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव के लोगों का आरोप है कि जल संस्थान के अधिकारी समस्या का समाधान करना तो दूर, पिछले कुछ समय से फोन भी नहीं उठा रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ खाली बर्तनों के साथ स्टैंड पोस्ट के समक्ष प्रदर्शन किया।
अमौली क्षेत्र के 785 लोग नौ जुलाई से पेयजल को तरस रहे हैं। इसके चलते लोगों को नौलों से पानी ढोना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन भट्ट का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार जानकारी दिए जाने के बावजूद यहां की पेयजल समस्या दूर नहीं हो सकी है। अब कुछ समय से अधिकारी फोन भी नहीं उठा रहे हैं। पेयजल संकट से परेशान लोगों ने बृहस्पतिवार को खाली बर्तनों के साथ स्टैंड पोस्ट के सम्मुख प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में हेमा, जानकी, प्रमोद, भागीरथी, सरस्वती, चंपा, हीरा, राधा, कविता, बसंती, कमलापति, उर्मिला, मनीष आदि शामिल थे। ग्रामीणों ने सोमवार तक पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर जल संस्थान के एई पवन बिष्ट का कहना है कि पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के लिए लाइनमैनों की टीम भेजी जा रही है। रविवार तक आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
पानी के कनेक्शन को तरस गए दिव्यांग दीपक
चंपावत। लधिया घाटी क्षेत्र के खरही के दिव्यांग अदद पेयजल कनेक्शन को तरस गए हैं। दिव्यांग दीपक शर्मा का कहना है कि परिवार को जल जीवन मिशन के तहत पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। लेकिन पांच माह से अधिक समय बीतने के बावजूद उसे कनेक्शन नहीं मिल सका है। इसके चलते पानी के लिए उन्हें लंबी दौड़ लगानी पड़ रही है। जल निगम के ईई वीके पाल का कहना है कि कनेक्शन देने की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही कनेक्शन दे दिया जाएगा। चंपावत जिले में 45890 लोगों को जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन देने हैं, लेकिन अब तक 25616 लोगों को ही कनेक्शन दिए जा सके हैं।