संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। ऊपरी क्षेत्र में हुई बारिश से सोमवार दोपहर को अचानक अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया जिससे एनटीपीसी के हेलंग में बन रहे तटबंध टूट गए। यहां अफरातफरी मच गई। जलस्तर बढ़ने पर तुरंत मजदूर वहां से भाग निकले। मजदूर सुरक्षित बच गए लेकिन अन्य मशीनें यहां फंस गईं। हालांकि कंपनी को कितना नुकसान हुआ है इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
एनटीपीसी के तपोवन विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना के तहत हेलंग में बन रहे पावर हाउस के तटबंध वर्ष 2013 की आपदा में टूट गए थे। इन तटबंध का इन दिनों निर्माण चल रहा है। सोमवार को ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक तेज बारिश हुई, जिससे अलकनंदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया और यहां निर्माणाधीन तटबंध टूट गए। जल स्तर बढ़ने पर मजदूर वहां से तुरंत भाग निकले। उसके बाद नदी में फंसी मशीनों और अन्य उपकरणों को सुरक्षित निकालने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
गैरसैंण/कर्णप्रयाग। सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और गैरसैंण और कर्णप्रयाग में हल्की बारिश हुई। बारिश होने पर लोगों को आग के धुएं से कुछ राहत मिली। संवाद