कार्यदायी संस्था मेकाफेरी कर रही काम, आगामी यात्रा से पहले हो जाएगा दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर भू-धंसाव क्षेत्र मैठाणा का ट्रीटमेंट शुरू हो गया है। एनएचआईडीसीएल की ओर से अलकनंदा साइड से हाईवे का ट्रीटमेंट शुरू कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने आगामी वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को चाक-चौबंद करने का दावा किया है। मैठाणा में वर्ष 2013 से भू-धंसाव शुरू हुआ था जिससे यहां घंटों वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
वर्ष 2019 में एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की कार्यदायी संस्था मेकाफेरी कंपनी ने भू-धंसाव के करीब 40 मीटर हिस्से का ट्रीटमेंट कार्य किया था। तीन साल बाद अतिवृष्टि से हाईवे पर फिर से भू-धंसाव शुरू हो गया था और अलकनंदा साइड से पांच मीटर गहराई तक पहुंच गया था। इसे देखते हुए मेकाफेरी कंंपनी ने अलकनंदा साइड से हाईवे का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। एनएचआईडीसीएल के डीजीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि अलकनंदा साइड से सीमेंट की दीवार बनवाई जा रही हैं जिससे भू-धंसाव रुक जाएगा। आगामी वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को चाक-चौबंद कर लिया जाएगा।