विकास भवन सभागार में सोमवार को ग्रामीण महिलाओं को पानी की गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी की अध्यक्षता में महिलाओं को पानी का नमूना लेने, इसमें रसायन की मात्रा मिलाकर पानी का पीएच जांचने आदि का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही महिलाओं को जांच किट भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हर घर नल योजना के तहत आने वाले पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता परखने के लिए हर गांव से पांच-पांच महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोमवार को कुजौं मैकोट, देवर खडोरा, क्वीरालू, बैडू आदि गांव की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। जल निगम के अधीक्षण अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि यदि पानी साफ नहीं आ रहा और उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं आ रही है तो उसकी जानकारी विभाग को जरूर दें। इस दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, जेई जेएस पंवार, जेई संदीप मेहरा, यशवीर नेगी और वाटर टेस्टिंग प्रशिक्षक जयदीप किमोठी आदि उपस्थित थे।