पर्वतीय टैक्सी मैक्सी महासंघ उत्तराखंड ने निर्वाचन में अधिगृहीत वाहन की दरों में बढ़ोत्तरी की मांग की। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन में अधिगृहीत वाहनों की जो दरें वाहन स्वामियों को दी जा रही हैं, वह बेहद कम हैं। कहा कि वाहन अधिग्रहण के समय ही वाहन स्वामियों को दरों की जानकारी प्रदान की जानी चाहिए। जबकि अभी तक निर्वाचन विभाग की ओर से ऐसा नहीं किया जाता है।
बुधवार को पर्वतीय टैक्सी-मैक्सी महासंघ के संरक्षक कोतवाल सिंह नेगी ने जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड को ज्ञापन भेजा। नेगी ने कहा कि निर्वाचन में अधिगृहीत वाहन की दर 786 रुपये प्रतिदिन है, जो बेहद कम है। इसे बढ़ाकर कम से कम 1174 किया जाए। उन्होंने आयोग से चुनाव ड्यूटी के दौरान वाहन चालकों को राजकीय कार्मिक घोषित करने, उन्हें बीमा सुरक्षा प्रदान करने, वाहनों को एक जिले से दूसरे जिले में न भेजने की मांग की। कहा कि अभी तक करीब सौ से अधिक वाहनों को निर्वाचन में लगाया गया है।
वहीं गोपेश्वर में गोपीनाथ टैक्सी यूनियन ने भी चुनाव ड्यूटी में लगने वाले वाहनों की दरें बढ़ाने की मांग की। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि जो पैसा निर्धारित है उसमें एक दिन का भी गुजारा करना मुश्किल होता है। यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह राणा और महासचिव धनपत बिष्ट ने इस संबंध में चुनाव आयोग को ज्ञापन भेजा गया है। कहा कि जोशीमठ, थराली, देवाल, नारायणबगड़, गैरसैंण, पोखरी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में वाहन चालकों को रहने-खाने पर इसके अधिक दोगुना राशि खर्च करनी पड़ती है।