बुधवार रात को हुई बारिश से थराली-देवाल मार्ग सुनगाड गदेरे और बंदरढोन के पास चट्टान टूटने से 12 घंटे बंद रहा। बृहस्पतिवार सुबह 8 बजे लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार रात करीब आठ बजे तहसील मुख्यालय राड़ीबगड से 100 मीटर आगे लोनिवि कार्यालय के पास चट्टान टूट गई। वहीं सुनगाड गदेरे के पास भी पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आने से यातायात बंद हो गया। बृहस्पतिवार सुबह मुसाफिरों और वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग को सड़क बंद होने की सूचना दी, जिस पर लोनिवि ने जेसीबी लगाकर सुबह आठ बजे सड़क खोल दी। वहीं सड़क बंद होने से देहरादून, हल्द्वानी, गोपेश्वर और अन्य स्थानों को जाने वाले यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।