बदरीनाथ हाईवे पर हिमखंड काटकर हाईवे को सुचारु करने में जुटी बीआरओ की जेसीबी मशीन।
- फोटो : GOPESHWAR
चमोली जिले में मंगलवार को अचानक मौसम बदला और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में हल्की बारिश होने से जिले में फिर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मंगलवार सुबह हल्के बादल छाए हुए थे, लेकिन दोपहर बाद अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ ही औली, गोरसों, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी आदि इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। इन जगह पर पहले से ही बर्फ पड़ी हुई है। वहीं जोशीमठ, पीपलकोटी, गोपेश्वर सहित अन्य जगह पर हल्की बूंदाबांदी हुई। पिछले कुछ दिनों से चटख धूप खिलने से मौसम में गरमाहट महसूस की जा रही थी, लेकिन मंगलवार को फिर से ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है। संवाद
बदरीनाथ और मलारी हाईवे से बर्फ हटाने का काम शुरू
गोपेश्वर। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बदरीनाथ हाईवे और मलारी हाईवे से बर्फ हटाने का काम फिर से शुरू कर दिया है। बीते दिनों लगातार तीन दिन तक हुई बर्फबारी से बदरीनाथ हाईवे पर हनुमान चट्टी से बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है, जबकि रड़ांग बैंड, कंचन गंगा व अन्य दो स्थानों पर बड़े-बड़े हिमखंड हाईवे पर आए हैं। बीआरओ की मशीनें इन हिमखंडों को काटकर हाईवे सुचारु बनाने में जुट गई है। चीन सीमा क्षेत्र में माणा दर्रे तक हाईवे बर्फ से ढका है। बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि हिमखंडों को काटकर बदरीनाथ हाईवे सुचारु करने का काम शुरू कर दिया है। नीती और माणा घाटी में एक सप्ताह के भीतर सड़कों को सुचारु कर दिया जाएगा। संवाद