मंडल घाटी के सकलेश्वर मंदिर में नौ दिनों से चल रहा मां चंडिका का नवाह बन्याथ यज्ञ मंगलवार को संपन्न हो गया। इस दौरान भक्तों ने भव्य जलयात्रा निकाली। इस दौरान भक्तों के जय मां चंडिका के जयकारों से मंडल घाटी गुंजायमान हो उठी। मां चंडिका और भूमियाल देवता ने अपने पश्वा पर अवतरित होकर भक्तों को दर्शन देकर आशीर्वाद दिया।
वर्ष 2008 में गंगोलगांव की मां चंडिका की रथ यात्रा निकली थी, जो विभिन्न गांवों के भ्रमण पर थी। माता की रथयात्रा के 12 वर्ष पूर्ण होने पर गंगोलगांव के सकलेश्वर मंदिर परिसर में आठ फरवरी से नवाह यज्ञ आयोजित किया गया। यज्ञाचार्य अपूर्व भट्ट, पुजारी नवीन भट्ट, विनोद भट्ट, जयदीप, प्रकाश और प्रशांत गिरी ने विभिन्न मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में हजारों मंत्रों की आहुतियां दीं। इस दौरान दूर-दराज के गांवों से मंदिर में पहुंचे भक्तों ने मां चंडिका के दर्शन कर मनौतियां मांगीं। मंदिर समिति के अध्यक्ष जय सिंह रावत ने बताया कि बन्याथ यज्ञ का समापन हो गया है और मां चंडिका को मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। इस मौके पर नगर पालिका की सभासद प्रियंका बिष्ट, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह रावत, नरोत्तम नंद सरस्वती, हरीश रावत, प्रेम सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह राणा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह राणा, भूपेंद्र रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुशीला देवी आदि मौजूद थे।