कर्मचारियों का वेतन और ठेकेदारों के लंबित भुगतान की उठाई मांग
सीडीओ के आश्वासन पर हुए शांत, गैरहाजिर विभागीय अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली जिला पंचायत की त्रैमासिक बैठक में सदस्यों ने कई मांगें उठाईं और खूब हंगामा किया। सदस्यों ने जिला पंचायत में अपर मुख्य अधिकारी और सहायक अभियंता की स्थायी तैनाती करने, ठेकेदारों के लंबित भुगतान शीघ्र करने और जिला पंचायत के कर्मचारियों का दो माह से रुके वेतन का भुगतान करने की मांग को लेकर सदन में ही धरना दिया। बैठक शुरू होने के करीब डेढ़ घंटे बाद सदन में पहुंचे सीडीओ ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद सदस्य शांत हुए। इस दौरान सीडीओ ने बैठक से गैरहाजिर विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
जिला पंचायत सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से बैठक शुरू हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी ने सदस्यों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक शुरू ही हुई थी कि सदस्यों ने जिला पंचायत की विभिन्न समस्याओं को लेकर सदन में ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पंचायतीराज होश में आओ... के नारे भी लगाए। डेढ़ घंटे बाद सीडीओ अभिनव शाह पहुंचे और सदस्यों को मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद बैठक शुरू हुई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा कि जनपद आपदा से त्रस्त है लेकिन इस पर कभी चर्चा नहीं की जाती है। उन्होंने पिछली बैठक की समस्याओं पर भी कार्रवाई करने के लिए कहा। लक्ष्मण सिंह बिष्ट और विनोद नेगी ने कहा कि बैठक में बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, एनटीपीसी, टीएचडीसी, एनएच, सतलुज जल विद्युत परियोजना, एनपीसीसी, ब्रिज एंड रुफ कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया था लेकिन नहीं आए। उन्हें हर बाद बैठक में बुलाया जाता है लेकिन वह नहीं आते। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
सड़कों के निर्माण की भी उठाई मांग
सदस्य अवतार सिंह पुंडीर ने विनायकधार-कस्बीनगर सड़क के निर्माण की मांग उठाई। नंदिता रावत ने प्राणमति सड़क पर हुए घटिया डामरीकरण कार्य की जांच और दोबारा कार्य कराने की मांग उठाई। पोखरी की ब्लाॅक प्रमुख प्रीति भंडारी ने सेरा-मालकोटी सड़क पर काम शुरू करने की मांग उठाई। इसके अलावा सदस्य विक्रम बर्त्वाल, देवी जोशी, सूरज सैलानी ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी उठाईं।
नहीं की बजट पर चर्चा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने किया बहिष्कार
गोपेश्वर। जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने बजट पर चर्चा करने का आग्रह किया लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अधिकांश सदस्यों ने विभागीय समस्याओं पर चर्चा करने की बात कही। उपाध्यक्ष ने कहा कि सोमवार को बंद कमरे में जिला पंचायत के बजट को पारित कर दिया गया जबकि आम बैठक में बजट पर चर्चा की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि जिला पंचायत में मनमर्जी चलाई जा रही है। अपनी बात रखने के बाद उपाध्यक्ष सदन का बहिष्कार कर बाहर चले गए। संवाद