गोपेश्वर/गौचर। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बृहस्पतिवार को यात्रा तैयारियों का जायजा लिया और चमोली बाजार से जिले की सीमा कमेड़ा तक बदरीनाथ हाईवे का निरीक्षण किया। डीएम ने यात्रा के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने और भूस्खलन जोन के आसपास हाईवे को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि बदरीनाथ आने वाले यात्रियों का गौचर में भी पंजीकरण किया जाएगा।
डीएम ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को बाजपुर में हाईवे किनारे क्रश बैरियर लगाने, मैठाणा में हाईवे चौड़ीकरण का काम पूरा करने और मैठाणा, नंदप्रयाग, कमेड़ा व अन्य भूस्खलन क्षेत्रों में मलबे को हटाकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य विभागों को मार्ग पर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करवाने, शौचालयों में साफ सफाई, बिजली पानी की आपूर्ति सुचारु रखने को कहा। उन्होंने गौचर में रजिस्ट्रेशन काउंटर व स्वास्थ्य जांच केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम चमोली एसके पांडेय, एसडीएम कर्णप्रयाग आरके पांडेय, एनएचआईडीसीएल के डीजीएम सुशील कुमार, सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा, सीओ पुलिस प्रमोद शाह, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। संवाद