दोनों चालकों को जिला अस्पताल में किया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ (चमोली)। बदरीनाथ हाईवे पर शनिवार को बोलेरो और बस की आमने-सामने की जोरदार भिडंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालकों के हाथ फ्रैक्चर हुए हैं। जबकि बोलेरो में सवार चार लोग चोटिल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को खेकड़ा, बागपत के तीर्थयात्री बोलेरो से बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। मारवाड़ी और विष्णुप्रयाग के बीच विपरीत दिशा से आ रही एक बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो वाहन चालक उत्तम कुमार पुत्र कुंदन लाल, निवासी रुद्रप्रयाग और बस चालक मेघ सिंह पुत्र नारायण सिंह, निवासी लंबगांव टिहरी गढ़वाल का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि बोलेरो में बैठी एक महिला समेत चार लोग चोटिल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ ले जाया गया है।
जोशीमठ कोतवाली के एसएसआई संजय नेगी ने बताया कि दोनों चालकों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। हादसे के कुछ देर बाद तक बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा रहा। बाद में पुलिसकर्मियों ने वाहनों को हाईवे से हटाया और आवाजाही सुचारु करवाई।
बोलेरो सवार ये लोग हुए घायल
राजो देवी पत्नी राजेंद्र पंत
यश कौशिक पुत्र मनोज कौशिक
सुरेंद्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह
मोहित पुत्र राजकुमार