ग्रामीण खेतों में नहीं बिछाने दे रहे हैं पाइप, कार्यदायी संस्था बोली, जल्द वार्ता कर सुलझाया जाएगा मामला
देवाल। ब्लाॅक मुख्यालय सहित पूर्णा, सेलखोला और इच्छोली के लिए बन रही हनीगाड़-देवाल पेयजल योजना का काम पिछले दो माह से बंद है। हाटकल्याड़ी के ग्रामीण अपने खेतों में पाइप लाइन बिछाने का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में योजना का काम लटका हुआ है।
जल जीवन मिशन के तहत बनने वाली हनीगाड़ पेयजल योजना को दो माह पूर्व बनकर तैयार हो जाना था, लेकिन यह आधा-अधूरा पड़ा है। दो कराेड़ 43 लाख की लागत से बनी योजना का लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हाटकल्याड़ी के ग्रामीण अपने खेतों में लाइन बिछाने का विरोध कर रहे हैं, जिससे काम रुका है।
स्थानीय महावीर बिष्ट और नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि योजना को एक साल में तैयार होना था, लेकिन दो माह से काम बंद है। जल निगम के ईई अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पाइप लाइन लौसरी, फल्दियागांव व हाटकल्याड़ी गांव से होकर बिछाई जा रही है। पाइप लाइन बिछाने को लेकर हाटकल्याड़ी के ग्रामीणों का विरोध है। शीघ्र वार्ता कर समसया सुलझाई जाएगी। संवाद