कार दुर्घटना में घायल हुई महिला को गोपेश्वर जिला चिकित्सालय में भर्ती करते स्वास्थ्य कर्मी व लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बदरीनाथ हाईवे पर गरुड़गंगा के पास सोमवार को एक कार करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बीकेटीसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दरवान भंडारी और उनकी पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। उन्हें हेलीकॉप्टर से हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट, देहरादून ले जाया गया है।
उधर, कर्णप्रयाग क्षेत्र में एक अन्य कार दुर्घटना में उप्र के गाजियाबाद जिला निवासी एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सोमवार को किमाणा गांव निवासी और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दरवान सिंह भंडारी (55) पुत्र नारायण सिंह, उनकी पत्नी कलावती देवी (48), पैंका गांव निवासी पुष्पा राणा (45) पत्नी गबर सिंह, किमाणा गांव निवासी मंजू देवी (30) पत्नी हरि किशन और अंशुल (16) पुत्र गबर सिंह एक समारोह में शामिल होने जोशीमठ से नंदप्रयाग जा रहे थे।
गरुड़गंगा के पास घुमावदार मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में पुष्पा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कलावती देवी ने अस्पताल लाते समय एंबुलेंस में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान दरवान सिंह की भी मौत हो गई। कृषि मंत्री राजेंद्र भंडारी ने गंभीर घायल मंजू देवी और अंशुल को हेलीकॉप्टर से जौलीग्रांट अस्पताल देहरादून भेजने की व्यवस्था की।