कर्णप्रयाग। तीन महीने पहले चमोली जिले के कोल्सों गांव में हुई नेपाली व्यक्ति की हत्या के मामले में कर्णप्रयाग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कर्णप्रयाग कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक पुरुषोत्तम दत्त जोशी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जनवरी महीने में पहल बहादुर पुत्र बल बहादुर, ग्राम-दुईखोली इरीबंग, जिला रोल्पा आंचल राप्ती (नेपाल) हाल-रविनगर आदिबदरी का शव कोल्सों गांव के पास नाले में मिला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर गहनता से जांच की। पुलिस को मृतक के कमरे में दीवार पर खून के धब्बे और मोबाइल का डिब्बा मिला था। मोबाइल के डिब्बे पर आईएमईआई नंबर भी मिला। तब कर्णप्रयाग थाना प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा की नेतृत्व में एक टीम गठित कर उन्हें अलग-अलग जगहों पर भेजा और मृतक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया। पुलिस ने मामले में हत्यारोपी गोपाल पुत्र दलबहादुर, ग्राम-भवान्ग, तहसील-लिवान्ग वार्ड नंबर 6, जिला-रोल्पा आंचल राप्ती (नेपाल) को भटवाड़ी (उत्तरकाशी) से गिरफ्तार किया। सीओ ने बताया कि आरोपी ने हत्या का कारण शराब पीकर झगड़ा होना बताया। आरोपी से मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है और आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस टीम में एसएसआई कर्णप्रयाग नरेंद्र सिंह, एसएसआई जोशीमठ मनोहर भंडारी, एसआई पंकज कुमार, एसओजी टीम के एसआई संजीव चौहान, कांस्टेबल मनवीर, अनिल और किरन हैं।