बेल्थरारोड। उभाव थाना क्षेत्र के रौसड़ा ग्राम में बीते रविवार को गर्भवती पत्नी के गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार कर मौत की नींद सुलाने वाला आरोपी पति शनिवार की अपराह्न पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर में बक्से के नीचे छिपाकर रखा खून से सना गड़ासा बरामद किया। वहीं आरोपी पति को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया। वहीं फरार चल रहे आरोपी ससुर की तलाश की जा रही है।
उभाव थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रौसड़ा निवासी रानू शर्मा पुत्र दामोदर शर्मा ने गत 28 अप्रैल को गर्भवती पत्नी नीतू के गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद पति घर का दरवाजा बंद कर भाग गया था। मृतका के पिता कन्हैया शर्मा निवासी ग्राम सम्मनपुर थाना नोनहरा जिला गाजीपुर की तहरीर पर पति और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी। बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति को बस स्टेशन रोड के पास उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई तथा पूछताछ करने के बाद उसके निशानदेही पर घर में बक्से के नीचे रखे हत्या की घटना में प्रयुक्त गड़ासे को बरामद किया। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि ससुर की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश की कार्यवाही जारी है।