भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना ने बुधवार को बदरी-केदार के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और बीकेटीसी ने उन्हें प्रसाद व अंगवस्त्र भेंट किए। सुरेश रैना ने संपूर्ण भारवतर्ष की उन्नति की कामना की। वहीं सुरैश रैना को देखने के लिए मंदिर के बाहर आने प्रशंसकों की भीड़ लग गई। उन्होंने प्रशंसकों और तीर्थपुरोहितों का अभिवादन स्वीकार किया।
क्रिकेटर सुरेश रैना पूर्वाह्न करीब 11 बजे हेलिकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे और मंदिर में पूजा-अर्चना की। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने सुरेश रैना का स्वागत किया और उन्हें बदरीविशाल का प्रसाद भेंट किया। इसके बाद सुरेश रैना ने मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी से मुलाकात की। रावल ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए। उसके बाद सुरेश रैना केदारनाथ के लिए रवाना हुए और दोपहर सवा 2 बजे धाम पहुंचे। यहां बीकेटीसी के सीईओ योगेंद्र सिंह व कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने उनका स्वागत किया। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश चंद्र गौड़ ने बताया कि क्रिकेटर सुरेश रैना को मंदिर समिति का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किया गया।
प्रतीक ने पिता मुलायम सिंह व मां साधना का पिंडदान किया
श्राद्ध पक्ष में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव बुधवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। मंदिर में दर्शनों के बाद प्रतीक ने ब्रह्मकपाल में अपने पिता स्व. मुलायम सिंह यादव और मां साधना यादव का पिंडदान किया। श्राद्ध पक्ष में देश के कोने-कोने से लोग पितरों के पिंडदान और तर्पण के लिए बदरीनाथ पहुंच रहे हैं। संवाद