चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन अभी से तैयारियों में जुटा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। आगामी मई माह से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों में चमोली जिला प्रशासन जुट गया है। सोमवार को जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने यात्रा से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और यात्रा मार्ग पर संचालित सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को यात्रा से पहले प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं और सुविधाएं सुनिश्चित करने, यात्रा शुरू होने से पहले बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग व प्रमुख पड़ावों पर पेयजल और बिजली आपूर्ति सुचारु करने, यात्रा मार्ग व वैकल्पिक मार्गों पर संचालित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का अभी से ट्रीटमेंट कार्य शुरू करें जिससे यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को असुविधा न हो। डीएम ने एसडीएम, पुलिस और परिवहन अधिकारियों को यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करते हुए संवेदनशील स्थानों को ठीक करने, यात्रा मार्ग पर शौचालयों की मरम्मत, हेमकुंड यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए गरम पानी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, बीकेटीसी के सीईओ योगेंद्र सिंह, एसडीएम आरके पांडेय, एसडीएम जाशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, सीओ पुलिस प्रदीप शाह और एसीएमओ डॉ. एमएस खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।