उत्तराखंड राज्य स्तरीय ऑनलाइन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चमोली के खिलाड़ियों ने प्रदेश में ओवरऑल दूसरा स्थान प्राप्त किया है। खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो में पांच स्वर्ण के साथ कुल 17 पदक जीते हैं।
चमोली जिला फेडरेशन ऑफ ताइक्वांडो के कोच शुभम शाह ने बताया कि सितंबर महीने में ऑनलाइन ताइक्वांडो प्रतियोगिता हुई थी, जिसमें सभी बच्चों के 20-20 सेकेंड के वीडियो बनाकर स्टेट फेडरेशन ऑफ ताइक्वांडो नैनीताल को भेजे गए। 20 सेकेंड में कौन कितनी सटीक किक मारता है उसके आधार पर बच्चों का चयन किया गया, जिसमें चमोली के श्रेय किमोठी, ऋषभ बिष्ट, आयुष गौड़, आनिया चौहान और हुजैका नाज ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि प्रथमेश पंवार, प्रिंस नेगी, आशीष प्रसाद, आदित्य कनेरी, परी वर्मा ने रजत पदक जीते। वहीं अंशुमन रावत, आर्यन, आर्यन राणा, अंशुल कठैत, समीर कनवासी, अंशुल नेगी और हनान ने कांस्य पदक जीता। ताइक्वांडो फेडरेशन चमोली के अध्यक्ष अंकोला पुरोहित और कोषाध्यक्ष जीनस परवीन ने खिलाड़ियों के बेहतर परफॉरमेंस पर खुशी जताई।