फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चट्टान टूटने से बल्दौड़ा में 16 घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे

विज्ञापन
बदरीनाथ हाईवे पर बल्दौड़ा में टूटी चट्टान के बोल्डरों को हटाने में जुटी जेसीबी मशीनें। - फोटो : GOPESHWAR
विज्ञापन
बारिश के दौरान शनिवार रात को करीब 10 बजे बदरीनाथ हाईवे पर बल्दौड़ा में चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया, जिससे करीब 16 घंटे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। हाईवे बंद होने के कारण यहां वाहनों का जाम लग गया और पर्यटकों के साथ ही सेना के जवान भी यहां फंसे रहे। रविवार को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की दो जेसीबी से हाईवे से बोल्डर हटाए, जिसके बाद अपराह्न दो बजे तक हाईवे वाहनों के लिए सुचारु हो पाया। हालांकि अभी भी यहां पर हाईवे खतरनाक बना हुआ है। चट्टान पर अभी भी बोल्डर अटके हुए हैं, जो कभी भी हाईवे पर आ सकते हैं।
विज्ञापन

इन दिनों बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना का कार्य चल रहा है। बल्दौड़ा में भी परियोजना कार्य चल रहा है। पिछले कई दिनों से गोविंदघाट क्षेत्र में रुक-रुककर भारी बारिश हो रही है। शनिवार रात को भी करीब दस बजे से क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई थी और यहां अचानक हाईवे पर चट्टान का एक हिस्सा टूटकर आ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चट्टान से बोल्डर इतनी जोर से हाईवे पर गिरे कि इसकी आवाज जोशीमठ और गोविंदघाट तक के लोगों ने सुनीं। रविवार को जैसे ही जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर से वाहनों की आवाजाही शुरू हुई तो बल्दौड़ा में हाईवे बाधित होने से वाहनों के पहिए थम गए। सेना के साथ ही फूलों की घाटी के सैर-सपाटे के लिए जा रहे पर्यटकों के वाहन भी जाम में फंस गए। उन्होंने वाहनों में बैठकर ही हाईवे खुलने का इंतजार किया।
बीआरओ के अधिकारियों को भी हाईवे बाधित होने की सूचना रात को ही मिल गई थी, लेकिन यहां लाइट की कोई सुविधा न होने और बारिश को देखते हुए सुबह छह बजे से ही हाईवे खोलने का काम शुरू कर दिया गया था। जेसीबी से बोल्डरों को हाईवे से हटाया गया, तब जाकर दोपहर दो बजे तक वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। हाईवे सुचारु होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें