अमृत गंगा पेयजल योजना में फिल्टर की व्यवस्था करने की मांग को लेकर नगर पालिका के सभासदों और स्थानीय लोगों ने जल निगम कार्यालय पर तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण अमृत गंगा में कूड़ा-करगट व मिट्टी बहकर आ रही है। फिल्टर की व्यवस्था न करने से घरों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
नगर क्षेत्र के साथ ही कोठियालसैंण, पोखरी बैंड, पटियालधार क्षेत्र में भी अमृत गंगा पेयजल योजना से पानी सप्लाई होता है। योजना में फिल्टर के लिए शासन से दो करोड़ की मंजूरी भी मिली है। इसके बावजूद फिल्टर नहीं लगाया गया है। इन दिनों बारिश होने के कारण नलों पर दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभासद नवल भट्ट, उपेंद्र भंडारी, उमेश सती, राजेंद्र लाल, प्रियंका बिष्ट, संजय कुमार, विपिन कंडारी आदि जल निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पेयजल योजना में फिल्टर की व्यवस्था करने की मांग की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सभासदों ने अधिकारियों को बाहर निकाल कार्यालय में तालाबंदी कर दी। उन्होंने कहा कि जल्द योजना को फिल्टर टैंक से नहीं जोड़ा गया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।