लापरवाही:बागेश्वर के बाजार में बगैर मास्क पहने घूमते ल लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोविड की तीसरी लहर आने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। पहली और दूसरी लहर के बावजूद जनता के बीच सजगता नजर नहीं आ रही है। न सुरक्षित दूरी का पालन हो रहा है और न ही लोग मास्क पहन रहे हैं। मास्क तो बस चालान से बचने के लिए ही पहना जा रहा है। लोगों की यही लापरवाही आने वाले दिनों में भारी पड़ सकती है। पुलिस के सामने मास्क पहनकर चालान से तो बचा जा सकता है लेकिन कोरोना से बचने के लिए इसे बाहर निकलते समय हमेशा ही पहनना होगा।
जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के लगभग सभी इलाकों में कोविड नियमों का पालन नहीं हो रहा है। बाजारों में झुंड के रूप में निकलना। मास्क न पहनना लोगों की फितरत बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो लोगों को मुंह में मास्क दिखता ही नहीं। नगरीय क्षेत्रों में लोग मास्क तो पहन रहे हैं लेकिन सुरक्षित दूरी का पालन कहीं नहीं हो रहा। राजनीतिक आयोजनों से लेकर मंदिरों, समारोहों में कोविड नियम तार-तार हो रहे हैं।
अगस्त में बढ़ रहे मामले
इन डेढ़ वर्षों में बागेश्वर जिले में हजारों लोग संक्रमित हुए हैं। अब तक 56 संक्रमितों की मौत हो गई है। इधर कुछ समय राहत रहने के बाद एक बार फिर अगस्त की शुरूआत से कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। जिले में बीते एक हफ्ते में 36 मामले सामने आ चुके हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने काटे चालान
बागेश्वर। नायब तहसीलदार दीपिका आर्या और कोतवाली पुलिस टीम ने गोमती पुल क्षेत्र, स्टेशन रोड समेत तमाम स्थानों में चेकिंग की। चेकिंग अभियान के दौरान देखने में आया कि लोग मास्क का प्रयोग अपनी और दूसरे की सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि पुलिस की चालानी कार्रवाई से बचने के लिए कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने नियम उल्लंघन करने वाले कई लोगों के चालान काटे।
कोविड नियमों का पालन कराने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा। - अमित श्रीवास्तव एसपी बागेश्वर