बागेश्वर। आठ माह पूर्व साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से बीमा पॉलिसी सरेंडर कराने के नाम पर 7.42 लाख रुपये की ठगी की थी। कपकोट पुलिस ने मामले में दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि तीसरे आरोपी की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने तीनों के बैंक खाते फ्रीज करा दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कपकोट के चचई कुमगढ़ी निवासी केशव लाल टम्टा पुत्र प्यारे लाल टम्टा ने 14 दिसंबर 2020 को कपकोट थाने में धोखाधड़ी के संबंध में तहरीर दी। बताया कि उनकी एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में बीमा पालिसी थी, जिसमें चार वार्षिक किस्तें जमा हैं। कुछ समय पहले दिल्ली से उनके पास अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को इंश्योरेंश कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपकी (केशव लाल) पॉलिसी रिइन्वेस्ट हो रही है। उनका पैसा शून्य हो जाएगा, पॉलिसी सरेंडर करनी है तो दो किस्तें और जमा करनी पड़ेगी। उसकी बातों में आकर केशव ने दो किस्तों का भुगतान कर दिया।
इसके बाद समय-समय पर फोन कॉल आए और अलग-अलग तरीके से पैसे मांगे गए और बातों में आकर 7.42 लाख रुपयों का भुगतान कर दिया। इसके बाद भी विभिन्न नंबरों से कॉल कर कभी एसबीआई नई दिल्ली ब्रांच का कैशियर, कभी मैनेजर, कभी इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए रकम जमा जमा करने के लिए कहा गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 में अभियोग पंजीकृत किया।
एसपी अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मदन लाल के निर्देशन में प्रकरण की विवेचना एसआई अविनाश मौर्य ने की। जांच के दौरान प्रकाश में आए वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुख्ता सुरागों के आधार पर सोमवार को दोनों आरोपियों सरोज सिंह निवासी ग्राम मेधवारी, थाना- जयनगर जिला मधुबनी (बिहार), गौरव कुमार निवासी ग्राम रफीपुर मोहन, थाना- मंडावली जिला बिजनौर, (उत्तरप्रदेश) को दिल्ली के करोलबाग और सदर बाजार से गिरफ्तार किया। मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, आरक्षी गोविंद आर्या, आरक्षी राजेंद्र कुमार शामिल थे।
--
इस मामले में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तीनों अधिकांश रकम खर्च कर चुके हैं। कुछ रकम इनके खातों में जमा है। तीनों के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। साइबर क्राइम की घटनाओं का प्राथमिकता के साथ खुलासा किया जा रहा है। जनता को साइबर क्राइम को लेकर जागरूक किया जा रहा है। - अमित श्रीवास्तव एसपी बागेश्वर