कपकोट के केदारेश्वर मैदान में सेना और पुलिस भर्ती प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को टिप्स देते अनुसू?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट के केदारेश्वर मैदान में सेना और पुलिस भर्ती के लिए युवाओं के निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हो गया है। प्रशिक्षण में भागीदारी के लिए 393 युवा मैदान पर पहुंचे थे। ट्रायल के बाद योग्य 250 बालक-बालिकाओं का चयन किया गया। चयनित युवाओं को पूर्व सैनिक शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
मंगलवार को उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया ने प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। चयनित युवाओं से मनोयोग से प्रशिक्षण में भागीदारी करने को कहा। शिविर के प्रबंधक सुंदर देव ने बताया कि शिविर में सुबह से शाम तक शारीरिक गतिविधि और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। युवाओं को हाई जंप, लांग जंप, चिनअप, पुशअप, दौड़ आदि का अभ्यास कराने के साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जा रही है। पहले बैच में बागेश्वर और गरुड़ के युवा भी भागीदारी कर रहे हैं। दूसरे बैच से केवल कपकोट के युवाओं को ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में सेवानिवृत्त डीआईजी भूपाल मर्तोलिया, पूर्व सैनिक सुंदर सिंह मर्तोलिया, नंदन सिंह कोरंगा, आशीष के साथ पीटीआई शिक्षक भी मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को युवाओं के चयन के अलावा हल्का प्रशिक्षण दिया गया, बुधवार से विधिवत वादन के अनुसार प्रशिक्षण कराया जाएगा। शिविर में भगवत कोरंगा, देवेंद्र कोश्यारी, सुंदर मर्तोलिया भी सहयोग कर रहे हैं।