बागेश्वर। मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना मददगार साबित हो रही है। जिले के चार अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से लोगों को निशुल्क इलाज मिल रहा है। 2018 से अब तक जिले में 1,26,617 लोगों के आयुष्मान कार्ड स्वास्थ्य विभाग ने बनाए हैं। अब तक 4,577 कार्डधारकों ने आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज कराकर 2,00,49,961 रुपयों की बचत की है।
करीब ढाई लाख की आबादी वाले जिले में 1,26,617 लोग आयुष्मान कार्ड से जुड़ चुके हैं। जिला अस्पताल, सीएचसी बैजनाथ, सीएचसी कांडा, सीएचसी कपकोट में कार्डधारकों को कार्ड की मदद से निशुल्क उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 2018 से अब तक जिला अस्पताल में 3,217 मरीजों को 1,52,55,111 रुपये, सीएचसी बैजनाथ में 1,021 मरीजों को 35,64,450 रुपये, सीएचसी कपकोट में 188 मरीजों को 8,09,820 रुपये, सीएचसी कांडा में 151 मरीजों को 4,20,580 रुपये की निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं दी गई हैं।
आभा आईडी से जुड़े 1,94,732 लोग
जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 1,94,732 लोगों ने अपना आभा कार्ड बनवा लिया है। आयुष्मान कार्डधारकों से अधिक लोग आभा आईडी बनवा चुके हैं। योजना के तहत उपचार करवा रहे मरीज की बीमारी से संबंधित जांच रिपोर्ट, उपचार संबंधित दस्तावेजों की फाइल कार्ड की मदद से चिकित्सक को मिल सकती है। संवाद
Iजिले में आयुष्मान कार्डधारकों का अस्पताल में निशुल्क सुविधाएं दी जा रही हैं। आभा आईडी से वंचित लोग स्वयं ही कार्ड बना सकते हैं। लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों में कार्ड बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
- डाॅ. कुमार आदित्य तिवारी, सीएमओ, बागेश्वर
I