बागेश्वर नगरपालिका परिसर में टीका लगाने के लिए इंतजार करते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोविड की रोकथाम और बचाव के लिए टीकाकरण प्रक्रिया जारी है। जिले में 47 सेशन साइटों में लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 60 प्रतिशत लोगों ने कोरोना का दूसरा टीका भी लगा लिया है। सौ प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है।
बुधवार को नगरपालिका भवन में टीका लगाने के लिए लोगों की काफी भीड़ रही। अवकाश के चलते अधिकतर लोग टीका लगाने आए। इमनें ज्यादातर लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी। एक सेशन साइट में एक दिन में सौ लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य है। कोविड टीकाकरण प्रभारी डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने बताया जिले में एक लाख 72 हजार 210 लोगों का टीके लगाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष सौ प्रतिशत लोगों को पहली और 60 प्रतिशत को टीके की दूसरी डोज लग चुकी है। उन्होंने बताया कि जो लोग टीकाकरण से किसी कारणवश छूट गए हैं। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम के माध्यम से घर-घर जाकर टीके लगाए जा रहे हैं।