बागेश्वर। चलकाना ग्राम पंचायत के लखमारा तोक में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण 15 दिन से बिजली गुल है। कई बार लाइनमैन और जेई को सूचित करने के बाद भी ट्रांसफार्मर बदलने की कवायद नहीं हो रही है। परेशान ग्रामीणों ने ईई को ज्ञापन देकर जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को लखमारा के ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचकर ईई को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि चलकाना तोक का ट्रांसफार्मर खराब हुए एक पखवाड़ा बीत गया है। ग्रामीण बिना बिजली के रात गुजारने के लिए मजबूर हो रहे हैं। बिजली नहीं होने से मोबाइल रिचार्ज नहीं हो रहे हैं। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई ठप हो गई है।
अंधेरा होने के कारण हिंसक जानवर गांव की ओर धमक रहे हैं। कर्मचारियों को सूचित करने के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास नहीं हो रहे हैं। ग्रामीणों ने लखमारा और पुड़कुनी की अनुसूचित बस्ती में झूलते और पेड़ों को छूकर गुजर रहे तारों की समस्या बताई।
जल्द क्षेत्र में पेड़ों की लॉपिंग करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित करने के लिए कहा। ग्राम पंचायत लीली और गैरखेत में जर्जर और टेड़े बिजली के पोलों को बदलने की भी मांग की। इस मौके पर करम सिंह, मदन सिंह आदि रहे।