पुलिस के वाहन में रखी गई कपकोट के भनार में पकड़ी गई शराब। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। विधानसभा चुनाव में मादक पदार्थों के वितरण और तस्करी को रोकने के लिए चल रहे अभियान में एसएसटी स्टेटिक सर्विलांस टीम शामा को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने चुनाव में बांटने के लिए रखी गई शराब और बीयर की 28 पेटियां जब्त की हैं। कपकोट थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कपकोट के थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि मंगलवार की रात को भनार ग्राम पंचायत के बरड़ा तोक में मतदान को लेकर शराब वितरण की सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि किसी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए शराब परोसी जा रही थी। इसके बाद एसएसटी मौके पर गई। टीम को चेकिंग के दौरान बरड़ा तोक के एक बंद मकान के पास शराब की 28 पेटियां मिलीं। पेटियों में 68 बोतल, 102 अद्धे और 239 पव्वे शराब (कुल 178 बोतल) और 127 बीयर मिलीं।
थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब गांव में बरामद हुई है और इसका प्रयोग चुनाव के लिए किया जा रहा था। पुलिस शराब को गांव तक लाने और वितरण को लेकर विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस टीम में एसएसटी प्रभारी देवेंद्र सिंह गढ़िया आदि थे।
शराब की 42 बोतलों के साथ दो गिरफ्तार
बागेश्वर। कांडा पुलिस ने शराब की 42 बोतलों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जेठाई तिराहे के पास से खोलागांव, रिखाड़ी निवासी पंकज धपोला (27) को 72 पव्वे के साथ गिरफ्तार किया। वहीं चौनाला तिराहे से मनोज सिंह राठौर (32) निवासी कमेड़ीदेवी को शराब की 24 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कांडा थाने में 60/72 आबकारी अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।
कैंटर से बरामद की डेढ़ लाख से अधिक की नकदी
अल्मोड़ा। चेकिंग के दौरान पुलिस और एफएसटी ने भतरौंजखान थाना क्षेत्र में एक कैंटर से एक लाख 81 लाख रुपये की नकदी बरामद की। बुधवार को पुलिस टीम चौड़ी घट्टी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक कैंटर को रोककर तलाशी ली। तलाशी में टीम को कैंटर चालक प्रकाश चंद्र सागर, निवासी दुर्गा मंदिर रामनगर नैनीताल के पास से एक लाख 81 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। नकदी के वैध कागजात न दिखाने पर टीम ने नकदी सीज कर रिटर्निंग ऑफिसर को रिपोर्ट भेज दी है। संवाद