बागेश्वर। नई पेंशन योजना में शामिल कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग तेज कर दी है। पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन के कर्मचारियों ने अपर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे। कर्मचारियों के हित में जल्द पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की।
कर्मचारियों ने ज्ञापन में बताया कि नई पेंशन योजना शेयर बाजार पर आधारित है। जो बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करती है। इसके कारण कर्मचारी पेंशन को लेकर आशंकित हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। कहा कि प्रदेश में अक्तूबर 2005 के बाद नई पेंशन स्कीम लागू की गई थी। इसके बाद से कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश भर के 80 हजार शिक्षक और कर्मचारी इस योजना से प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि महंगाई के इस दौर में अगर कर्मचारियों को न्यूनतम पेंशन दी गई तो उन्हें बुढ़ापे में परेेशानी का सामना करना पड़ेगा। कर्मचारियों ने जल्द समस्या का निदान करते हुए पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष नरेंद्र पालनी, जिला महामंत्री कमलेश कुमार पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर कालाकोटी आदि मौजूद रहे।