कपकोट/बागेश्वर। कपकोट पुलिस ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के साथ अनैतिक कार्य करने के चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में जमीन संबंधी विवाद होना भी बता रही है।
कपकोट थाना क्षेत्र के एक गांव की 72 वर्षीय वृद्धा ने बुधवार को कपकोट थाने में गांव के ही चार लोगों पर घर में घुसकर अनैतिक कर्म का सनसनीखेज आरोप लगाया। पुलिस ने बुजुर्ग का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए उसी गांव के चार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 427, 404, 323 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार की शाम को वृद्धा की बेटी ने वीडियो वायरल कर गांव के ही चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। थानाध्यक्ष ने कहा कि वीडियो वायरल होने पर पुलिस टीम गांव भी गई थी। आरोपी उसी गांव के हैं। वादी की बिरादरी के हैं। आरोपियों में पिता, उसके दो पुत्र और एक चचेरा भाई है।
बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा है। इस मामले में एक आरोपी पूर्व में जेल जा चुका है। वर्तमान में जमानत पर हैं। कहा कि फिलहाल वृद्धा के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।