बागेश्वर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत बागेश्वर में 23 जनवरी को 21 हजार 335 बच्चों को पोलियो की खुराक (दो बूंद जिंदगी की) पिलाई जाएगी।
डीएम विनीत कुमार ने जिला सभागार में जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक लेते हुए कहा कि अभियान के दौरान कोविड-19 के नियमों का सख्ती से अनुपालन किया जाए। उन्होंने प्रभारी सीएमओ डॉ. हरीश पोखरिया को ब्लॉक वार कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
प्रभारी सीएमओ ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सात, ग्रामीण क्षेत्रों में 364 और छह मोबाइल बूथ बनाए गए हैं। खुराक पीने से वंचित बच्चों को 24, 25 और 26 जनवरी को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
इसके लिए 528 टीमें गठित की गई हैं। वहां पर डीईओ पदमेंद्र सकलानी, ईई विद्युत विवेक कांडपाल, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद टम्टा, डॉ. प्रमोद जंगपांगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट आदि थीं।
हर सात तारीख को विशेष टीकाकरण अभियान
बागेश्वर। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पोखरिया ने अवगत कराया है कि सात फरवरी, सात मार्च और सात अप्रैल को मिशन इंद्रधनुष के तहत जिले में विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा।