बागेश्वर के गोमती पुल क्षेत्र में जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। सड़क के किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और अतिक्रमण बागेश्वर नगर को हर दिन जाम कर रहे हैं। शुक्रवार को जाम का आलम यह रहा कि 12 मिनट तक जाम में 108 एंबुलेंस फंसी रही। प्रशासन ने हाईकोर्ट के निर्देश पर 180 अतिक्रमण चिह्नित किए थे लेकिन आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अतिक्रमण से नगर की यातायात व्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। नगर की सड़कें अतिक्रमण की चपेट में हैं। गोमती पुल क्षेत्र, मालरोड, स्टेशन रोड, सरयू पुल क्षेत्र, पिंडारी मार्ग और कांडा मार्ग में सड़कों की नालियों के ऊपर पक्के निर्माण किए गए हैं। 2018 में उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने जिला मुख्यालय में 140 से अधिक अतिक्रमण चिह्नित किए थे लेकिन आज तक इन पर प्रशासन का डंडा नहीं चला। प्रशासन ने कुछ अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर दी। शुक्रवार दोपहर 1.44 से 1.56 बजे तक गोमती पुल के पास जाम लगा रहा। जाम में मरीज को जिला अस्पताल ले जा रही 108 एंबुलेंस भी फंसी रही।
दुकान, बैंक के आगे खड़े रहते हैं दोपहिया वाहन
बागेश्वर। गोमती पुल क्षेत्र में दुकानों, बैंक के आगे दोपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं। दोपहिया वाहन दुकान, बैंक को जाने वाले रास्ते को ब्लॉक कर आधी सड़क तक खड़े रहते हैं। इससे दुकानदारों के साथ ही बैंक और निजी कार्यालयों में कार्यरत लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस क्षेत्र में नियमित रूप से यातायात पुलिस तैनात नहीं रहती है। कभी कभार दोपहर तक एक पुलिस कर्मी ड्यूटी में दिखाई देता है।