त्योहार के दिनों में नगर से लेकर गांव तक आग लगने की घटनाएं हो जातीं हैं। ऐसे में दमकल विभाग की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। इसके बावजूद फायर सर्विस में कर्मचारियों की कमी है। फायर सर्विस में अग्निशमन अधिकारी समेत 12 कार्मिकों के पद खाली हैं।
दीपावली में लोग जमकर आतिशबाजी जलाते हैं। इस कारण त्योहार के दिनों में नगर से लेकर गांव तक आग लगने की घटनाएं हो जातीं हैं। ऐसे में दमकल विभाग की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। इसके बावजूद फायर सर्विस में कर्मचारियों की कमी है। फायर सर्विस में अग्निशमन अधिकारी समेत 12 कार्मिकों के पद खाली हैं। ऐसे में दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाएं होने पर दिक्कत बढ़ सकती है।
विज्ञापन
दीपावली को देखते हुए दमकल विभाग आजकल नगर में आग के संभावित खतरों का निरीक्षण कर रहा है। व्यापारियों और संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को सजग किया जा रहा है। उन्हें फायर उपकरणों का इस्तेमाल करने के तरीके बताए जा रहे हैं। दीपावली में नगर के सरयू घाट पर लगने वाली आतिशबाजी की दुकानों में भी फायर कर्मचारियों की तैनाती रहती है।
वहीं नगर और ग्रामीण इलाकाें में आग लगने पर उसे बुझाने का जिम्मा भी रहता है। विभाग में सृजित 37 पदों के सापेक्ष 25 कार्मिक तैनात हैं जबकि 12 पद खाली हैं। दो अधिकारी प्रशिक्षण लेने गए हैं। ऐसे में कर्मचारियों की कमी परेशानी का सबब बन सकती है।
विज्ञापन
दीपावली के लिए ड्यूटी लगाई जा रही है। विभाग के पास दो बड़े, एक छोटा वाहन, पंप उपलब्ध है। कर्मचारियों की उपलब्धता के अनुसार त्योहार पर ड्यूटी लगाई जाएगी। त्योहार को देखते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं, ताकि लोग सजग रहें और आग लगने की घटना न हो। - त्रिलोक राम, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, बागेश्वर।